चित्तौड़गढ़। हिंदुस्तान जिंक एवं अनुष्का ग्रुप के सहयोग से विगत चार माह से संचालित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम से आसपास के 25 से अधिक गांवों के 159 युवाओं ने लाभ प्राप्त किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स के सिक्योरिटी हेड जी. मलेशम तथा हेड सीएसआर सुंदर राज नायडू उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीएसआर एवं अनुष्का ग्रुप की टीम भी मौजूद रही।
मुख्य अतिथि प्रमोद दशोरा ने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास से ही सफलता मिलती है। जीवन में चुनौतियां अवश्य आती हैं, लेकिन हार मानने के बजाय लगातार आगे बढ़ना चाहिए। सिक्योरिटी हेड जी. मलेशम ने भी अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
अनुष्का ग्रुप के सचिव राजीव सुराणा ने बताया कि हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से पिछले 10 वर्षों से चंदेरिया क्षेत्र में विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं।
हेड सीएसआर सुंदर राज नायडू ने विद्यार्थियों से कहा कि कार्यक्रम से मिली सीख को जीवन में अपनाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। कार्यक्रम का संचालन कृतिका शर्मा ने किया।