नीमच। शहर में दाऊदी बोहरा समाज के प्रतिष्ठित व्यापारी और ब्राइट हार्डवेयर के संचालक जूज़र भाई पिता मुल्ला सैफुद्दीन भाई का 61 वर्ष की आयु में रविवार रात को इंतकाल हो गया। वे पिछले लगभग छह माह से असाध्य बीमारी से पीड़ित थे।
जूज़र भाई न केवल व्यापार जगत में अपनी साख और ईमानदारी के लिए जाने जाते थे, बल्कि अपने मधुर स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और व्यवहार कुशलता के कारण समाज के हर वर्ग में बेहद लोकप्रिय थे। उन्होंने सामाजिक कार्यों में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाई। उनके इंतकाल की खबर से दाऊदी बोहरा समाज सहित पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन, मित्रगण और शुभचिंतक इस अपूरणीय क्षति से गहरे आहत हैं। सोमवार सुबह 10 बजे उन्हें नीमच के बोहरा कब्रिस्तान बुरहानी बाग में सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। शहर के गणमान्य नागरिकों एवं समाजजनों ने जूज़र भाई के निधन को एक बड़ी क्षति बताते हुए उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की है।