मनासा। गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गौ हत्या निषेध कानून बनाए जाने एवं गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर शनिवार को मनासा में गौ भक्तों द्वारा विशाल रैली निकाली गई।
इस रैली में मनासा एवं आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में गौ भक्त, मातृशक्ति एवं समाजजन शामिल हुए। सभी श्रद्धालु अन्नपूर्णा माता मंदिर पर एकत्रित हुए और वहां से शांतिपूर्ण तरीके से रैली प्रारंभ की गई।
रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने तथा गौ संरक्षण के लिए सशक्त एवं प्रभावी कानून बनाने की मांग की गई।
कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ। गौ भक्तों ने सरकार से शीघ्र ठोस निर्णय लेने की अपील की।