नीमच। जिले के जमुनिया कला में मंगलवार को पेयजल संकट से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। भाटखेड़ा से डूंगलवड़ा तक सड़क निर्माण कार्य के दौरान निमाड़ पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बंद हो गई, जिसके विरोध में महिलाओं ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि पाइपलाइन फूटने के कारण कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। इस संबंध में पंचायत और प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। लगातार अनदेखी से नाराज महिलाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
महिलाओं ने ठेकेदार और पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में पानी नहीं मिलना गंभीर समस्या है। उनका कहना है कि जब तक स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर ठोस आश्वासन नहीं देगा, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।
चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हो गया। मौके पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद ही स्थिति सामान्य होने की संभावना है।