नीमच। शहर के टेलीफोन एक्सचेंज के पास सोमवार रात एक बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके के साथ ही ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई और लपटें ऊंचाई तक उठने लगीं। घटना से राजस्व कॉलोनी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई तथा पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिश्रा होटल के पास स्थित ट्रांसफार्मर से पहले तेज आवाजें आने लगीं। इसके बाद उसमें से धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही क्षणों में तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर आग की चपेट में आ गया। आग लगने के दौरान चिंगारियां चारों ओर फैलने लगीं, जिससे आसपास के लोग घबरा गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के रहवासी और राहगीर मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तत्काल विद्युत वितरण कंपनी को सूचना दी। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति, वाहन या राहगीर आग की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित फीडर की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई। सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त उपकरणों को बदलने के साथ तकनीकी सुधार कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद देर रात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिसके बाद रहवासियों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक तौर पर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी या ओवरलोड के कारण हादसा होना बताया जा रहा है।