नीमच। जिले के ग्राम झातला में क्लिनिक सील किए जाने के बावजूद कथित रूप से अवैध इलाज जारी रहने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता अशोक कुमार धाकड़ ने कलेक्टर को आवेदन देकर मामले की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति क्लिनिक सील होने के बाद भी अपने घर से मरीजों का उपचार कर रहा है। शिकायत के अनुसार वह फोन के माध्यम से दवाइयां मंगवाकर मरीजों को उपलब्ध करा रहा है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि मरीजों को कथित रूप से नशीले इंजेक्शन और दवाइयां दी जा रही हैं, जबकि संबंधित व्यक्ति के पास किसी प्रकार की वैध चिकित्सकीय डिग्री या लाइसेंस नहीं है।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध चिकित्सकीय गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।