चित्तौड़गढ़। राज्य के चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल में तीन दिवसीय अखिल भारतीय सैनिक स्कूल हॉकी टूर्नामेंट 2026 (ग्रुप ‘सी’) का शुभारंभ उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि स्कूल की कार्यवाहक प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव रहीं, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार, सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता संयोजक विकास चौबे ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। स्कूल हॉकी ग्राउंड पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि ने सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के स्कूल वाइस कैप्टन कैडेट करन जोहरर के नेतृत्व में मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके पश्चात स्कूल वाइस कैप्टन द्वारा सभी खिलाड़ियों को निष्पक्षता, अनुशासन एवं सच्ची खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई।
5 सैनिक स्कूलों के 128 खिलाड़ी ले रहे भाग-
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश एवं राजस्थान के कुल 5 सैनिक स्कूलों के 128 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी स्कूलों में सैनिक स्कूल मैनपुरी (उत्तरप्रदेश), सैनिक स्कूल अमेठी (उत्तरप्रदेश), सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ (राजस्थान), तथा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत संचालित सैनिक स्कूल मंदसौर (मध्यप्रदेश) एवं सैनिक स्कूल जोधपुर (राजस्थान) शामिल हैं। प्रतियोगिता अंडर-15 एवं अंडर-17 आयु वर्ग में आयोजित की जा रही है, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच मिल रहा है।
खेलों से विकसित होते हैं नेतृत्व व अनुशासन-
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि सैनिक स्कूल देश के रक्षा बलों के लिए योग्य, अनुशासित एवं सक्षम कैडेट्स तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को पूरे समर्पण एवं सकारात्मक भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
पहले दिन खेले गए रोमांचक मुकाबले-
उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता के पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। अंडर-15 वर्ग के पहले मैच में सैनिक स्कूल मैनपुरी (उत्तरप्रदेश) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सैनिक स्कूल जोधपुर (राजस्थान) को 12-0 के बड़े अंतर से पराजित किया। मैनपुरी की टीम ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाते हुए दबदबा बनाए रखा। वहीं दूसरे मुकाबले में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) ने सैनिक स्कूल मंदसौर (मध्यप्रदेश) को 2-1 से हराया। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।