देवरी खवासा। क्षेत्र में कुमकुम सोनी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में उनके परिवारजनों द्वारा भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वीर हनुमान सुंदरकांड मंडली द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का अत्यंत आकर्षक एवं भक्तिमय प्रस्तुतीकरण किया गया, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में युवा मित्र मंडल की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने लगातार 45वां सुंदरकांड पाठ आयोजित कर एक नई मिसाल प्रस्तुत की। गांव के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए भक्ति भाव से सुंदरकांड में सहभागिता की। वहीं बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाया।
जन्मदिन को इस अनोखे एवं धार्मिक स्वरूप में मनाकर एक प्रेरणादायक पहल की गई, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि युवा पीढ़ी को सनातन धर्म के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने वाला भी रहा।
युवा मित्र मंडल द्वारा मंदिरों के साथ-साथ निजी निवासों पर भी नियमित रूप से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है, जिससे धार्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास जारी है।