चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय सैनिक स्कूल हॉकी टूर्नामेंट 2026 (ग्रुप ‘सी’) में विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह, अनुशासन और खेल भावना दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रही है।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि अंडर-15 आयु वर्ग में खेले गए मैचों में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सैनिक स्कूल जोधपुर को 14-0 से पराजित किया। इस मैच में चित्तौड़गढ़ के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और लगातार गोल कर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
वहीं, सैनिक स्कूल अमेठी ने सैनिक स्कूल जोधपुर को 4-0 से हराया। एक अन्य मुकाबले में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ और सैनिक स्कूल मैनपुरी का खेल 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके अलावा, सैनिक स्कूल अमेठी और सैनिक स्कूल मंदसौर के बीच मैच में सैनिक स्कूल मंदसौर ने 3-1 से जीत दर्ज की।
अंडर-17 आयु वर्ग में भी मुकाबले काफी प्रतिस्पर्धात्मक रहे, जिसमें सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने सैनिक स्कूल अमेठी को 4-1 से हराकर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज की। टूर्नामेंट में भाग ले रही सभी टीमों द्वारा उत्कृष्ट खेल भावना और कौशल का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह बना हुआ है।