नीमच। नीमच में शतरंज के प्रति बढ़ती रुचि को प्रोत्साहित करते हुए डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन, नीमच द्वारा टाउन हॉल स्थित प्रशिक्षण कक्ष में बच्चों को पिछले सात महीनों से निःशुल्क शतरंज प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को शाम 5 बजे से 6.30 बजे तक आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे भाग ले रहे हैं।
बढ़ती संख्या के चलते बैठने की व्यवस्था थी अस्थायी-
एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय रतन गर्ग एवं सचिव संतोष कोटवानी ने बताया कि पूर्व में कलेक्टर द्वारा उपलब्ध कराए गए फर्नीचर के बावजूद बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण कई बच्चों को दरी पर बैठकर प्रशिक्षण लेना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान हेतु एसोसिएशन द्वारा लगभग दो माह पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरवजी चौपड़ा को अतिरिक्त फर्नीचर उपलब्ध कराने हेतु आवेदन दिया गया था।
नगर पालिका द्वारा फर्नीचर उपलब्ध कराया गया-
नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रविवार को 15 टेबल, 60 कुर्सियाँ एवं एक अलमारी उपलब्ध कराई गई। इससे अब प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों को बेहतर बैठने की सुविधा मिलेगी तथा वे अधिक एकाग्रता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
एसोसिएशन ने जताया आभार-
इस सहयोग के लिए एसोसिएशन के नितिन साहू, आशीष भंडारी, अरुण विश्वा, गिरिराज विश्नोई, जगदीश बागड़ी, त्रिलोक लोधा, भावेश सिंघल, दिनेश श्रीवास्तव एवं मनीष कुमावत सहित अन्य सदस्यों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।