चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय आईपीएससी (इंडियन पब्लिक स्कूल्स कॉन्फ्रेंस) अंडर-14 बालिका वर्ग फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ बुधवार को सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में हुआ। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि कार्यवाहक प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव रहीं, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार, सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता संयोजक विकास चंद्रप्रकाश गोयल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। स्कूल के फुटबॉल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने स्कूल वाइस कैप्टन कैडेट करण जोहरर के नेतृत्व में मार्च पास्ट की सलामी ली। साथ ही खिलाड़ियों को निष्पक्षता, अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने की शपथ दिलाई गई।
जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर के सात प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स राय (हरियाणा), संस्कार वैली स्कूल भोपाल (मध्य प्रदेश), सिंधिया कन्या विद्यालय ग्वालियर (मध्य प्रदेश), हैदराबाद पब्लिक स्कूल बेगमपेट (तेलंगाना), सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ (राजस्थान), पाइन ग्रोव स्कूल सोलन (हिमाचल प्रदेश) और विद्या देवी जिंदल स्कूल हिसार (हरियाणा) शामिल हैं।
उद्घाटन मुकाबलों के परिणाम-
बुधवार को खेले गए मैचों में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने पाइन ग्रोव स्कूल, सोलन को 6-1 से हराया। वहीं मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय ने संस्कार वैली स्कूल, भोपाल को 1-0 से पराजित किया। एक अन्य मुकाबले में सिंधिया कन्या विद्यालय, ग्वालियर ने हैदराबाद पब्लिक स्कूल, बेगमपेट को 3-0 से हराया।