चित्तौड़गढ़। जीतो यूथ विंग चित्तौड़गढ़ द्वारा आयोजित दो दिवसीय “जीतो चित्तौड़गढ़ प्रीमियर लीग (जेसीपीएल) सीजन-1” का भव्य समापन पवेलियन ग्रीन्स में उत्साह और गरिमामय माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में शहर की 12 टीमों ने भाग लिया और दो दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
फाइनल मुकाबले में प्रताप टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। टीम के ओनर उदित जैन रहे। वहीं आरआर कैपिटल्स उपविजेता रही, जिसके ओनर रजत जैन थे। विजेता टीम को 25 हजार रुपए एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 15 हजार रुपए एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के सहकारिता एवं उद्यान मंत्री गौतम दक तथा विशिष्ट अतिथि चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। मंत्री दक ने सभी “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार भी वितरित किए तथा टीम ओनर्स को स्मृति चिन्ह भेंट किए।
अपने संबोधन में गौतम दक ने कहा कि क्रिकेट जैसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक समरसता का विकास करते हैं। उन्होंने जीतो यूथ विंग के इस आयोजन को युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला सराहनीय प्रयास बताया। कार्यक्रम में तांबे के लोटों से जल वितरण एवं अतिथियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की भी उन्होंने प्रशंसा की।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन से प्राप्त राशि का उपयोग निर्धन बच्चों की शिक्षा एवं गौशाला सहयोग में किया जाएगा। उन्होंने संस्था द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
जीतो यूथ विंग चित्तौड़गढ़ अध्यक्ष रवि विराणी ने कहा कि युवाओं की टीम भावना और सामूहिक प्रयास से ही आयोजन को भव्य स्वरूप मिला है। वहीं चैप्टर अध्यक्ष सोहन पोखरना ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
टूर्नामेंट में ऑरेंज कैप प्रांजल गड़ोलिया, पर्पल कैप संजय मेहता, पिंक कैप साक्षी ढीलीवाल तथा मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर का पुरस्कार भी प्रांजल गड़ोलिया को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में चिराग कोठारी, नरेंद्र पोखरना, राजेंद्र डोशी, राकेश पटवारी, सुदर्शन रामपुरिया, सुधीर जैन, लोकेश सेठिया, संदीप सेठिया, रोशन लोढ़ा, ज्ञान मेहता सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सीए प्रतीक कोठारी ने किया।