नीमच। जिले की रामपुरा तहसील अंतर्गत ग्राम सोनड़ी में एक बंजारा परिवार के घर पर कथित रूप से सुनियोजित हमला, जमकर तोड़फोड़, लाखों रुपए की लूट और जान से मारने की धमकियों का मामला सामने आया है। पीड़ित आनंद पिता वकील चावड़ा ने पुलिस अधीक्षक नीमच को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 26 मई की रात करीब 12 बजे पुरानी रंजिश के चलते 30 से 40 लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंचे और वहां हमला कर दिया। आरोपियों ने घर में रखे कूलर, फ्रिज, दरवाजे, खिड़कियां, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर एवं आटा चक्की सहित अन्य सामान में जमकर तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाया।
पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने घर की तिजोरी तोड़कर उसमें रखे करीब 5 तोला सोने के जेवर, 3 किलो चांदी तथा लगभग 2 लाख रुपए नकद लूट लिए। आरोप है कि इस दौरान घर में बंधे गाय-बकरियों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई और उन्हें खोलकर भगा दिया गया।
बताया गया है कि घटना के समय परिवार पूर्व विवाद की शिकायत दर्ज कराने थाना रामपुरा गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले और अधिक बढ़ गए हैं।
आनंद चावड़ा ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी लगातार परिवार को बंदूक से मारने और घर में जिंदा जलाने की धमकी दे रहे हैं। भय के माहौल में जी रहे परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।