प्रतापगढ़। छोटीसादड़ी थाना परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब थाना परिसर में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार मृतका महिला कांस्टेबल की पहचान प्रतापगढ़ जिले के वरमंडल निवासी सोमकुंवर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला कांस्टेबल ने थाना परिसर स्थित अपने क्वार्टर में आत्मघाती कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही साथी पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, डीवाईएसपी रामेश्वर लाल, एसडीएम यतीन्द्र पोरवाल, तहसीलदार राजकुमार सारेल एवं सीआई प्रवीण टांक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
घटना के बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने कमरे की बारीकी से जांच करते हुए साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने क्वार्टर की तलाशी ली और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास शुरू किया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद थाना परिसर और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरी चर्चा बनी हुई है।