रतनगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक युवक को 3 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना प्रभारी भूरालाल भाभर के नेतृत्व में रतनगढ़ पुलिस टीम नीमच-सिंगोली मार्ग पर गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान रतनगढ़ घाट स्थित नटखट बालाजी मंदिर के सामने एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 3 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शांतिलाल पिता छोटूलाल भील (21) निवासी मोलड़ियों की झोपड़ियां, ग्राम गुर्जरों की मोरवन, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अफीम कहां से लेकर आया था और इसकी आपूर्ति किसे करने जा रहा था। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी भूरालाल भाभर सहित रतनगढ़ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।