नीमच। समीपस्थ गांव बमोरा में कल दिनांक 13 दिसम्बर 22 को भीम अनुयायियों द्वारा गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित की गई थी। जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने हल्का सा विरोध किया था। जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। आज सुबह सूचना मिलते ही जीरन तहसीलदार और थाना जीरन से पुलिस बल बमोरा के लिए रवाना हुआ। वहीं भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे।
भीम अनुयायियों का कहना है कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल 2001 में पंचायत बैठक में ठहराव-प्रस्ताव लेकर उक्त भूमि को आंबेडकर पार्क बनाने को लेकर सहमति बनी थी और यहां तार फेंसिंग भी कर दी गई थी। हमारे द्वारा बाबा साहेब की मूर्ति स्थापना के लिए एसडीएम कार्यालय नीमच में अनुमति को लेकर आवेदन भी दे रखा है। जिसको लेकर हमने यहां बाबा साहेब की मूर्ति स्थापित की है।
वहीं ग्राम पंचायत बमोरा के सरपंच का कहना है कि यह स्थान खुली जगह में हैं और कोई असामाजिक तत्व मूर्ति को क्षति न पहुंचा दें, इसलिए पंचायत में प्रस्ताव लेकर इस जगह को व्यवस्थित किया जायेगा।
वहीं तहसीलदार जीरन बीएल डांगी का कहना है कि चूँकि मूर्ति स्थापना के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया गया है और अभी विचाराधीन है। वहीं बिना अनुमति के मूर्ति स्थापना कर दी गई है यह गलत है। कुछ लोगों का विरोध भी है कि बिना अनुमति के मूर्ति स्थापित कर दी गई है, लेकिन अब मूर्ति स्थापित हो चुकी है तो जो भी पंचायत की ग्राम सभा में निर्णय होगा आगे देखा जायेगा। अभी वर्तमान में दोनों पक्षों को समझाइश दे दी गई है कि गांव में शांति बनाए रखे।