आगर मालवा। 15 दिसंबर को मारपीट में गंभीर रूप घायल मेघवाल समाज के जिलाध्यक्ष डॉ रमेशचंद्र वर्मा की मौत हो गई। इसके बाद शनिवार दोपहर मेघवाल समाजजनों और भीम आर्मी ने सुसनेर में नेशनल हाईवे के मंडी चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। रमेशचंद्र वर्मा पर हमला करने वाले आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और उनके मकानों को ध्वस्त करने की मांग की जा रही है।
दरअसल, 15 दिसंबर की रात में नेशनल हाईवे पर किटखेड़ी जोड़ पर असामाजिक तत्वों ने धारदार हथियारों से वर्मा पर हमला कर दिया था। हमले में घायल होने के बाद उज्जैन के एक निजी हॉस्पिटल में वर्मा का इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान बीती रात को रमेशचंद्र वर्मा ने दम तोड़ दिया।
रमेशचंद्र वर्मा की मौत के बाद अब मामले ने तूल पकड़ लिया है। फिलहाल सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर बैठे हुए हैं। नारेबाजी कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ उनके मकान ध्वस्त करने की मांग कर रहे है। मौके पर स्थानीय प्रशासन बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौजूद है।