चित्तौड़गढ़। क्रिसमस के अवसर पर रविवार को नगर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में विजय कॉलोनी स्थित पेन्टेकॉस्टल चर्च में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के साथ ही अन्य समुदाय के लोग मौजूद थे ।
रेल्वे स्टेशन क्षेत्र में स्थित चर्च मे क्रिसमस के अवसर पर आकर्षक विद्युत सजावट किए जाने के साथ ही अन्य सजावटी सामान से चर्च को सजाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरूआत प्रार्थना से की गई, जिसके पश्चात करोल गान, बच्चों द्वारा एक्शन सॉग, वाद्य यंत्र आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रभु यीशु के जीवन पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत कर शांति और आनन्द का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर चर्च के अध्यक्ष फादर डॉ. जानी पी. अब्राहाम ने कहा कि प्रभु यीशु ने सदैव साम्प्रदायिक सद्भाव एवं एकता का संदेश दिया। उन्होंने हमेशा लोगों से लडाई-झगड़ा एवं बंटवारे आदि को लेकर दूर रहने को कहा, एवं जिंदगी भर सच्चाई के रास्ते पर चले। उन्होंने यीशु मसीह के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि 9 वर्ष की उम्र में बाईबल पढने के बाद उनकी जिंदगी बदल गई।
उन्होंने इस पर्व के मनाए जाने के उददेश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इतने वर्षाे बाद भी प्रभु यीशु के वचन अमर है। इस अवसर पर पूरे विश्व मेें शीघ्र कोरोना के पूरी तरह से समाप्त होने की दुआ मांगी गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सैम.जे. जॉनी अब्राहीम द्वारा किया गया। सचिव सी.कुंजुकुट्टी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का आकर्षण सांता क्लॉज रहा।
इस अवसर पर मेवाड़ विश्व विद्यालय के उप कुलपति डॉ. आलोक मिश्रा, सेवानिवृत्त अधिकारी सुनील झा, बी.एस. गर्ग आदि ने कहा कि देश में साम्प्रदायिक सौहार्द, खुशहाली का वातावरण बना रहे, यही संदेश यीशु मसीह भी अपने जीवन में अंतिम सांस तक देते रहे।
इससे पूर्व शनिवार रात्रि को आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्पेशल करोल गायन एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य मंत्री सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी धैर्य कुमार ठक्कर आदि ने इस अवसर पर कहा कि प्रेम ही जीवन का सत्य है। हम सभी से प्रेम करें और सभी के साथ खुशियां बांटे। प्रभु ने हमें जिस उद्देश्य से संसार में भेजा है, उसे हमें समझना होगा, यह पर्व सभी के जीवन में सुख और शांति लाए।