नीमच। शहर के राठौर परिसर में आयोजित होने वाले छह दिवसीय नए दृष्टिकोण वाला शिविर के आज दूसरे दिन मस्तिष्क की शक्ति को विकसित करने के प्रयोग सिखाए गए। विशेष रुप से यह बताया गया कि नाम, पैसा और समृद्धि के साथ-साथ भीतर की शांति को कैसे बढ़ाया जा सकता है। ताकि युवा पीढ़ी दर पीढ़ी मजबूती के साथ अपने कदम बढ़ा सके।
उल्लेखनीय है कि शिविर के प्रथम 3 दिनों में शरीर से जुड़ी शक्ति को विकसित करने के लिए प्रयोग सिखाया जा रहे है। अगले 3 दिन परम पूज्य आलय जिन्होंने इस पद्धति को विकसित किया है उनके द्वारा शिविर में मन की शक्तियों को विकसित करने की विधि सिखाई जाएगी। पूज्य परम आलय के शिविर पूरे भारतवर्ष के साथ-साथ विदेशों में भी आयोजित किए जाते हैं। नए दृष्टिकोण वाला शिविर में जीवन को सुंदर, स्वस्थ और शांतिपूर्ण बनाने के तरीके बताए जा रहे हैं। सुबह 7 से 9 बजे तक 2 घंटे चलने वाले इस शिविर में स्वस्थ सुंदर और शांतिपूर्ण जीवन जीने की टेक्निक बताई जा रही है और प्रयोग के माध्यम से प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का अभ्यास कराया जा रहा है।
आज शिविर में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, वरिष्ठ कांग्रेस के नेता उमरावसिंह गुर्जर, समाजसेवी संतोष चोपड़ा सहित लगभग 3000 नागरिक सम्मिलित हुए। शिविर में शामिल सभी लोग विभिन्न तरह के व्यायाम के साथ भक्ति गीतों पर जमकर झूमे।