चीताखेडा। चीताखेडा में गांव के युवा साथियों ने गांव के कुछ क्षेत्रों, वार्डो में आ रही लो वोल्टेज की समस्याओं को देखते हुए क्षेत्र के विधायक दिलीप सिंह परिहार से उनके निवास पर जाकर आवेदन देकर 100 केवी के 2 नए ट्रांसफार्मर मंजूर कराने की गुहार लगाई।
उपरोक्त जानकारी देते हुए ईश्वर लाल आर्य, मुकेश आर्य ने बताया कि शासकीय स्वास्थ्य केंद्र के सामने नई आबादी में कई महीनों से लोड सेट ज्यादा होने के वजह से हम रहवासियों को लो वोल्टेज की बिजली मिल रही है जिसके कारण हमें हमारे घरेलू उपकरण एवं लाइट, बल्ब मंद होकर चलते है। इसी प्रकार इंदिरा नगर में भी लो वोल्टेज की समस्या का रहवासियों ने बताया था। इन दोनों जगह 100-100 केवी के दो नए ट्रांसफार्मर की मंजूरी हेतु चीताखेड़ा विद्युत सहायता केंद्र से वरिष्ठ कार्यालय नीमच को मांग पत्र भी दिए हुए काफी समय हो गया परंतु आज दिनांक तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इसके बाद जब गांव के युवाओं ने विधायक प्रतिनिधि रजनीश शर्मा के साथ क्षेत्र के विधायक दिलीप सिंह परिहार के निवास पर पहुंचकर उनको सारी स्थिति से अवगत कराया एवं जल्द से जल्द इस समस्या से निजात दिलाने के लिए गुहार लगाई। विधायक परिहार ने आश्वासन दिया कि मैं अपने लेटर पैड से तुरंत जिले के विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी को मांगपत्र बनाकर उपरोक्त दोनों ट्रांसफार्मर जल्द से जल्द स्वीकृत करने की पूरी कोशिश करूंगा।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि रजनीश शर्मा, भाजपा पूर्व नगर अध्यक्ष सुरेश दायमा, ईश्वर लाल आर्य, मुकेश आर्य, दीपक जोशी, तनसुख आर्य, राहुल आर्य, दशरथ प्रजापत, केशव मेघवाल, शांतिलाल प्रजापत, अनिल आर्य, गोविंद आर्य, विशाल आर्य, रुपेश आर्य, विजय प्रजापत, कन्हैयालाल आर्य आदि मौजूद रहे।