उज्जैन। महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग परिसर में बुधवार को जल स्तंभ का अनावरण किया जाएगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत मुख्य अतिथि रहेंगे। मंदिर में 5 दिसंबर से सुजलाम जल महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत चतुर्वेद पारायण भी किया जा रहा है।
डॉ भागवत श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचेंगे। महाकालेश्वर के दर्शन के बाद वे जल स्तंभ का पूजन करेंगे। इसका निर्माण 60 किलो चांदी से हुआ है। संघ प्रमुख डॉ.भागवत पर्यावरण पर भारतीय ज्ञान परंपरा आधारहित समकालीन विमर्श स्थापित करने के लिए पंच महाभूत के जलतत्व पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार सुजलाम के सारस्वत सत्र में अतिथि होंगे।
इंदौर रोड स्थित मालगुड़ी डेज में आयोजित सेमिनार में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत विशिष्ट अतिथि के तौर पर भागीदारी करेंगे। अध्यक्षता न्यायमूर्ति आदर्शकुमार गोयल, अध्यक्ष राष्ट्रीय हरित अभिकरण करेंगे। कार्यक्रम में स्वामी अदृश्य काग सिद्धेश्वरजी महाराज मठाधिपति कनेरी मठ, कोल्हापुर का सान्निध्य भी मिलेगा। साथ ही निवृत्तमान सरकार्यवाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सुरेश भैय्याजी जोशी भी मार्गदर्शन देंगे।