जावद। क्षेत्र के प्रसिद्ध गोमाबाई नेत्रालय नीमच द्वारा 5 मार्च रविवार को आयोजित शिविर आयोजक सम्मान समारोह में गोमाबाई नेत्रालय द्वारा नीमच, कुकड़ेश्वर, छोटीसादडी, निम्बाहेड़ा, बेगु, चित्तौड़गढ़, बुंदी, भीलवाड़ा सहित जावद से भी श्री रामकृष्ण सत्संग मंडल का सम्मान गोमाबाई नेत्रालय के ट्रस्टी एवं चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल, बहन आशा केडीया (अमेरिका) एवं बहनोई द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया। इस अवसर पर सत्संग मंडल प्रतिनिधि भगवानदास पोरवाल, आशीष अग्रवाल एवं मोनिका अग्रवाल उपस्थित थे।
नेत्रालय के प्रबंधक सुब्रमण्यम, सहप्रबंधक परवीन द्वारा संस्था की गतिविधियों पर प्रजेंटेशन दिया गया एवं बताया कि गोमाबाई नेत्रालय द्वारा 2022 में 231 नेत्र चिकित्सा जाँच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 10484 रोगियों के निःशुल्क मोतियाबिन्द के ऑपरेशन किये गये एवं जल्द ही भीलवाड़ा में भी गोमाबाई नेत्रालय की सेवाएं प्रारंभ की जा रही है।
ज्ञात हो कि श्री रामकृष्ण सत्संग मंडल जावद द्वारा रामानुजाचार्य स्वामी श्री विष्णुप्रपन्नाचार्यजी महाराज की प्रेरणा से जावद क्षेत्र में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा जाँच शिविर आयोजित किया था। जिसमें 870 नेत्र रोगियों के आँखों की जांच की गयी और 302 चयनित रोगियों में से 297 रोगियों का निःशुल्क मोतियाबिन्द का ऑपरेशन गोमाबाई नेत्रालय नीमच के चिकित्सको द्वारा किया गया था। इस आयोजन पर गोमाबाई नेत्रालय द्वारा श्री राम कृष्ण सत्संग मंडल के प्रतिनिधियो का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया।
कार्यक्रम का संचालन नेत्रालय के बोर्ड मेंबर अनील गोयल एवं आभार बोर्ड मेंबर अनील एस गोयल ने माना एवं क्षेत्र के शिविर आयोजको द्वारा शिविर प्रबंधक मुकेश मेहता को भी शाल-श्रीफल द्वारा उत्कृष्ठ सेवा के लिए सम्मानित किया गया।