निम्बाहेड़ा। राजस्थान पुलिस की टैग लाइन अपराधियों में ख़ौफ, आमजन में विश्वास को निम्बाहेड़ा कोतवाली थाना पर तैनात सहायक उप निरीक्षक सूरज कुमार जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत एवं कोतवाल फूलचंद टेलर के नेतृत्व में पूर्ण रूप से साकार करने में लगे हुए हैं।
जिस प्रकार क्षेत्र में अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने के लिए जी जान से लगे हुए हैं, ठीक उसी प्रकार एएसआई सूरज कुमार चाहे दीपावली हो या मकर संक्रांति पर्व समय समय पर क्षेत्र में जनहितार्थ कार्य करते आ रहे हैं। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस के सहायक उप निरीक्षक सूरज कुमार ने अपने दिवंगत पिता रामलाल बैरवा की याद को सदैव जीवंत रखने के उद्देश्य से अपने पैतृक गांव में राजकीय विद्यालय में एक कक्ष का निर्माण करवा कर उसको आजीवन गोद लिया है।
ज्ञातव्य है कि एएसआई सूरज कुमार के पिता रामलाल बैरवा स्वयं पुलिस विभाग से हैड कांस्टेबल पद से सेवानिवृत्त है, जिनका गत वर्ष 28 फरवरी को स्वर्गवास हो गया था। जिनकी स्मृति में बस्सी तहसील के नेगडिया कलां ग्राम में राजकीय माध्यमिक विद्यालय में पांच लाख ग्यारह हजार रुपये की लागत से निर्मित कक्ष का शुक्रवार को स्वर्गीय रामलाल बैरवा की धर्मपत्नी चंदा देवी, उप निरीक्षक सूरज कुमार एवं उनकी पत्नी नर्बदा देवी के द्वारा फीता काटकर लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एसीबीओ जया रानी राठौड़, सरपंच गोपाल चूंडावत तथा शंभूलाल सोमानी सहित विद्यालय कर्मियों के द्वारा लाभार्थी बैरवा परिवार सहित सूरज कुमार की बहन मीना देवी, सोनू देवी, सीमा देवी, शांति देवी, बहनोई गोपाल, रतनलाल, बौद्ध, रतन एवं भाई कालू बैरवा का भी अभिनंदन किया गया।