नीमच। जन स्वास्थ्य रक्षक संगठन जिला नीमच द्वारा मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम मांगों का ज्ञापन विधायक दिलीप सिंह परिहार को दिया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 1995 से वर्ष 2004 तक संचालनालय लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के द्वारा प्रशिक्षित हम जन स्वास्थ रक्षक हैं। प्रदेश में जन स्वास्थ रक्षक योजना के साथ ही पंचायत कर्मी, शिक्षाकर्मी जैसी योजनाएं भी शुरू की गई थी। पंचायत कर्मियों को एवं शिक्षा कर्मियों को विभाग में स्थाई नियुक्ति दे दी गई, परंतु शासकीय भर्ती नियमावली के अनुसार प्रशिक्षण एवं परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले आज तक स्वास्थ्य विभाग में सेवा सहभागिता से वंचित है। मुख्यमंत्री से मांग की कि मार्च 2008 को गठित समिति की बैठक के लिए कार्यालय लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को जारी पत्र के अनुसार आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं लिखित पत्र अनुसार समिति की बैठक शीघ्र आयोजित हो सके। 4 मार्च 2008 को जन स्वास्थ्य रक्षकों के मांगों के संबंध में आयुक्त स्वास्थ्य सेवाओं की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक आयोजित करने की मांग की।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने जन स्वास्थ्य रक्षकों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को विधानसभा में उठाया जाएगा। इस पर सभी जन स्वास्थ रक्षकों ने विधायक परिहार को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विधायक परिहार सभी जन स्वास्थ्य के साथ होली भी खेली और होली की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर जन स्वास्थ रक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष दशरथ सिंह सोनगरा, संरक्षक नरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष मोहन नागदा सहित कई जन स्वास्थ रक्षक उपस्थित रहे।