नीमच। ग्वालटोली में हाईवे रोड़ पर स्थित प्राचीन, दक्षिण मुखी व चमत्कारिक श्री विराट विराय मारुति नंदन बालाजी मंदिर का जीर्णाेद्धार करते हुए नव मंदिर का निर्माण मंदिर समिति द्वारा जनसहयोग से किया जा रहा है। यहाँ लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपए की अनुमानित राशि से सुन्दर एवं कलात्मक मंदिर का निर्माण किया जायेगा। मंदिर निर्माण, भूमि व शिला पूजन का कार्यक्रम आज गुरूवार को दोपहर 12 से 1.30 बजे तक श्री बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित किया जायेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य सानिध्य पं. भीमाशंकर शास्त्री-धारियाखेड़ी, मन्दसौर एवं पं. मिथिलेशजी नागर-नेनोराधाम के सह सानिध्य में पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से भूमिपूजन किया जायेगा। मंदिर समिति संरक्षक किशन खलीफा, नंदलाल बानिये, लोकेश रियार, अध्यक्ष गोविन्द सफा ने बताया कि बालाजी मंदिर के निर्माण का ठेका अहमदाबाद की प्रसिद्ध खिमज शिल्प कला कम्पनी को दिया गया है। मंदिर का निर्माण 30 बाय 60 की साईज में राजस्थान के भरतपुर बयाना के प्रसिद्ध पिंक कलर के पत्थर से होगा। निर्माण की समयावधि फिलहाल 4 वर्ष घोषित की गई है।