नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच के पास लाखों रूपए की फॉगिंग मशीन उपलब्ध होने के बावजूद भी मच्छरों के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि मौसम परिवर्तन के साथ ही शहर में मच्छरों का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। जिला चिकित्सालय सहित निजी अस्पतालों में मरीजों की लम्बी-लम्बी लाईनें लगी हुई है। डीडीटी छिडकाव एवं फॉगिंग मशीन के अभाव में डेंगू, मलेरिया फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
भाजपा किसान मोर्चा मुखर्जी मण्डल के मण्डल महामंत्री चन्द्रशेखर जायसवार ने नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा से मांग की है कि नया बाजार, विनोबागंज, मूलचंद मार्ग, तिलक मार्ग, टैगोर मार्ग, दाना गली, पुस्तक बाजार, बोहरा गली, नायका ओली, बंगला नंबर 47, विकास नगर, सिंधी कॉलोनी सहित क्षेत्र के सभी मोहल्लों एवं गलियों में नालियों की नियमित सफाई करवाई जाए। साथ ही फॉगिंग मशीन सहित डीडीटी पावडर का छिडकाव करवाया जाए, जिससे आम नागरिकों को मच्छरजनित बीमारियों से निजात मिल सके।