नीमच। शहर में हर साल की तरह इस साल भी विजया मित्र मंडल ने लावारिस अस्थियों के तर्पण के लिए नीमच सिटी रोड स्थित मुक्तिधाम से विधि विधान से पूजा के बाद बैंड बाजों के साथ अस्थि कलश यात्रा निकाली।
अस्थि कलश यात्रा रोडवेज बस स्टेण्ड के सामने नीमच सिटी मार्ग स्थित मुक्तिधाम परिसर से शुरू हुई, जो बारादरी चौराहा, जाजू बिल्डिंग, स्टेशन रोड होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंची। जहां ट्रेन से हरिद्वार पहुंचकर विधि विधान से अस्थियों का तर्पण किया जाएगा।
विजया मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि 11 मार्च को मोक्षदायिनी गंगा के तट हर की पौड़ी पर अस्थियों का विधि विधान से तर्पण किया जाएगा। जिसके बाद दरिद्र नारायण को भोजन करवाया जाएगा। बताते चलें कि बीते 21 साल में 608 लावारिस, निर्धन, बेसहारा मृतक लोगों की अस्थियों का विसर्जन मोक्षदायिनी गंगा हरिद्वार में विजया मित्र मंडल के सदस्य कर चुके है।