चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले में लावारिस, असहाय, निर्धन व्यक्तियों के निधन के बाद उनके शवों के विधि-विधान से निःशुल्क अंतिम संस्कार के बाद एकत्र की गई करीब 200 व्यक्तियों की अस्थियों का शिव सेना द्वारा इस वर्ष हरिद्वार ले जाकर गंगा में विसर्जन किया जाएगा।
जिला प्रमुख गोपाल वेद ने बताया कि वर्ष पर्यन्त किये गये निःशुल्क दाह संस्कार के पश्चात एकत्रित करीब 200 व्यक्तियों की अस्थियों का रथ जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट से ढोल नगाड़ों के साथ रवाना होगा। अस्थि विसर्जन की मुहिम में आर्थिक सहयोग के लिए उनके द्वारा जिले के सभी पुलिस थानों, सरकारी कार्यालयों, दानदाताओं, स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत सघन जनसम्पर्क किया जा रहा है। प्रतिवर्ष भामाशाहों के सहयोग से कार्य पूर्ण किया जाता रहा है। इसके अतिरिक्त जो लोग अपने दिवंगत लोगों की अस्थियों को विसर्जन के लिए हरिद्वार नहीं ले जा सकते हैं वे भी उन्हें सुपुर्द कर सकते हैं। एकत्रित समस्त अस्थियों का हरिद्वार में विधि विधान के साथ विसर्जन कर मोक्ष प्राप्ति की प्रार्थना के साथ पुनः गंतव्य के लिये प्रस्थान होगा।