धार। जिले के धामनोद थाना अंतर्गत मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के गणेश घाट पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। गणेश घाट को धार जिले का ब्लैक स्पॉट भी घोषित किया गया है। शनिवार को भी गणेश घाट पर बड़ा सड़क हादसा हुआ। इंदौर से मुंबई की ओर जा रहा कंटेनर मुंबई- आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के गणेश घाट पर ब्रेक फेल होने की वजह से सामने से आ रहे 2 कंटेनरो से जा भिड़ा, इस जबरदस्त भिड़ंत के बाद तीनों कंटेनरांे में आग लग गई। आग लगने के बाद गणेश घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कंटेनरांे में आग लगने की सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की सहायता से कंटेनर में लगी आग पर काबू पाया गया। इस सड़क हादसे में 2 लोग वाहनों में लगी आग की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं 1 अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। कंटेनरो में लगी आग पर फायर ब्रिगेड की सहायता से काबू पाने के बाद गणेश घाट पर यातायात को सुचारू रूप से शुरू करवा दिया गया है। इस मामले में धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहीं घायल लक्ष्मीलाल का उपचार भी धामनोद के शासकीय अस्पताल में किया जा रहा है। फिलहाल धामनोद पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।