नीमच। आज परशुराम महादेव मंदिर नीमच में सकल ब्राह्मण समाज द्वारा श्री परशुराम जन्मोत्सव की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही होली मिलन समारोह पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में समस्त सनातन धर्मावलंबियों के आराध्य भगवान विष्णु के छटे अवतार राज राजेश्वर श्री परशुराम जी के जन्मोत्सव अक्षय तृतीया पर्व पर प्रतिवर्षानुसार भव्य एवं भक्तिमय आयोजन में सकल ब्राह्मण समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु आज रविवार को वृहद बैठक स्थानीय श्री परशुराम महादेव मंदिर एलआईसी चौराहा नीमच पर संपन्न हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि परशुराम जन्मोत्सव का आयोजन 22 एवं 23 अप्रैल को पूरी भव्यता के साथ मनाया जाएगा। वृहद बैठक में परशुराम जन्मोत्सव हेतु कार्य योजना एवं व्यवस्था विभाजन करते हुए सभी की जिम्मेदारियां तय की गई। ब्राह्मण सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के पश्चात सकल ब्राह्मण समाज का 7 वां होली मिलन समारोह संपन्न हुआ। उपस्थित जनों ने एक दूसरे को गुलाल लगाया। बैठक एवं होली मिलन समारोह में सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति के बंधु, समाजजन एवं मातृशक्ति शामिल हुए।