नीमच। शहर में अखिल भारतीय मंगल मुखी 10 दिवसीय राष्ट्रीय स्तर किन्नर महा सम्मेलन भव्य स्तर पर आयोजित हो रहा है। आयोजन की शुरुआत बुधवार को स्थानीय सुंदरम मैरिज गार्डन में समाज की कुलदेवी बोचर माता की स्थापना, 9 दिवसीय अखण्ड ज्योत व खिचड़ी तुलाई के साथ हुई थी। आज मंगलवार को शहर में भव्य चल समारोह निकाला गया। बैंडबाजों के साथ निकले चल समारोह का मार्ग में कई स्थानों पर समाजसेवी संस्थाओं ने स्वागत किया।
मंदसौर जिले के दलोदा से आई समाजसेवी हसीना बुआ ने बताया कि देश प्रदेश की सुख शांति व समृद्धि व पूर्वजो की याद में नीमच में किन्नर महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस महाकुंभ में राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, यूपी सहित भारत के कई प्रदेशों के किन्नर मेहमान शामिल हुए हैं। कुंभ की शुरुआत बुधवार को बोचर माता की स्थापना व नौ दिवसीय अखंड ज्योत व खिचड़ी तुलाई से की गई थी। आज मंगलवार को शहर में बैंडबाजों के साथ भव्य चल समारोह निकाला गया। इस चल समारोह में शामिल किन्नरों ने फिल्मी गीतों पर जमकर नृत्य किया। मार्ग में अविनाश ग्रुप सहित कई समाजसेवी संस्थाओं ने जगह-जगह चल समारोह का स्वागत किया।