दौसा। चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से हिंदू नव वर्ष की शुरुआत होती है। आज बुधवार से हिंदू नववर्ष यानि विक्रम संवत 2080 की शुरुआत हो जाएगी। हिन्दू नववर्ष के खास मौके पर सभी लोग अपने करीबियों को नववर्ष की बधाई देते हैं। इसे नव संवत्सर भी कहा जाता है। चैत्र ही एक ऐसा माह है, जब प्रकृति में वृक्ष और लताएं पल्लवित और पुष्पित होती हैं। यही वजह है कि इस माह से नए हिंदू वर्ष की शुरुआत होती है। हिंदू धर्म में इस दिन को अलग-अलग तरीके से मनाया जाता है। ज्योतिष गणना के अनुसार, हिन्दू नव वर्ष का पहला दिन जिस भी दिवस पर पड़ता है पूरा साल उस ग्रह का स्वामित्व माना जाता है।
इस बार हिंदू नववर्ष की शुरुआत बुधवार से हो रही है ऐसे में पूरे साल बुध ग्रह का प्रभाव रहेगा। बुध की कृपा से जीवन में व्यापार, शिक्षा और संचार के क्षेत्र में विकास होता है। वहीं इस साल नव संवत्सर के मंत्री शुक्र हैं। बुध और शुक्र दोनों ही ग्रह आपस में मैत्री भाव रखते हैं। हर बार की तरह इस बार भी जगह जगह सरकारी ऑफिस स्कूलों के आगे उच्च प्राथमिक आदर्श विद्या मंदिर के अध्यापक एवं विद्यार्थियों ने रंगोलियां बनाकर नए वर्ष की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर समाजसेवी राजेश गौड़ कन्नू जयपुर, ईसु शर्मा आदि मौजूद रहे।