नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 24 मार्च को नीमच आ रहे है। उनके आगमन को लेकर सत्ता पक्ष और प्रशासन के नुमाइंदे रात दिन तैयारी में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का दौरा सफल बनाने के लिए आज भाजपा के नीमच कार्यालय तपोभूमि पर भाजपा के पार्षद दल की बैठक संपन्न हुई। तैयारी की रणनीति पर विचार करते हुए पदाधिकारियों ने निर्देश दिए कि विजयी पार्षद और हारे हुए उम्मीदवार अपने अपने वार्डों से अधिक से अधिक लोगों को मुख्यमंत्री की आम सभा में लाएं। पीले चावल बांटे जाए।होर्डिंग और फ्लेक्स लगाये जाए। सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा प्रचार किया जाए। हितग्राहियों को और लाडली बहना योजना से उत्साहित आधी आबादी को सभा स्थल तक आने के लिए प्रेरित किया जाए।
दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत गांधी सागर की अट्ठारह सौ करोड़ की पेयजल योजना का लाभ नीमच जिले वासियों को मिलेगा। मेडीकल कॉलेज का भूमि पूजन होगा और नवीन कृषि मंडी का लोकार्पण लोकार्पण की सौगात भी मिलेगी। जिसे लेकर शहर में माहौल बनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। जिसके चलते मुख्यमंत्री का यह दौरा बहुत महत्वपूर्ण है। यह भी आव्हान किया गया कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान पूरा नीमच भाजपामय हो जाए। बैठक को भाजपा जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को सफल बनाने के लिए हर कार्यकर्ता अपनी पूरी ताकत झोंक दे। बैठक में नगरपालिका नीमच के पूर्व अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, मंडल अध्यक्ष मोहन राणावत, योगेश जैन,हेमंत हरित, सुखलाल पवार, रंजना करण परमाल,वंदना भार्गव एवं पार्षद उपस्थित रहे। सुबे के मुखिया शिवराज सिंह चौहान के आगमन की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा एवं कुछ पार्षदों की अनुपस्थिति गौरतलब रही।