इंदौर। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। आज शाम 5 बजे पंचकुइया मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन का समाचार मिलते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा कि वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। आपका अवसान पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि पत्रकारिता जगत की विशिष्ट पहचान पद्मश्री अभय छजलानी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मैं दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। हिंदी पत्रकारिता के आधार स्तंभ छजलानी जी हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।