नीमच। भगवान झूलेलाल के 1073 वे जन्मोत्सव के अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा एक भव्य शोभायात्रा आज भागेश्वर मंदिर से निकाली गई। इस भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में सिंधी समाज जन शामिल हुए। शोभायात्रा भागेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर सिंधी कॉलोनी होती हुई शहर के मुख्य मार्गाे से निकली जिसका समापन झूलेलाल मंदिर पर हुआ। शोभायात्रा में शामिल सिंधी समाज के युवक, युवतियां बुजुर्ग, बच्चे ढोल धमाकों नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। इस जुलूस में बग्गियां भी शामिल थी। आयो लाल झूलेलाल के नारों के साथ समाज जनों का उत्साह सातवें आसमान पर था। शोभा यात्रा का जगह जगह पर फूल मालाओं से स्वागत किया गया। समाजजनों और समाजसेवी संस्थाओं ने जुलूस में शामिल लोगों के लिए जगह-जगह अल्पाहार की व्यवस्था की।
बताते चलें कि चेटीचंड और अमर शहीद हेमू कालानी के सौवें जयंती के अवसर पर सिंधी समाज द्वारा कई कार्यक्रम पिछले दिनों से आयोजित किए जा रहे हैं। आज भगवान झूलेलाल के जन्म जयंती के अवसर पर समाज जनों द्वारा अपने संस्थापन और घरों पर रोशनी की गई।