मनासा। बीती गुरुवार की रात 8 बजे भाटखेडी पंचायत भवन परिसर में देशभक्ति पर आधारित एक लघु फ़िल्म का स्क्रीनिंग प्रोग्राम आयोजित किया गया। देश भक्ति एकता ग्रुप के भाटखेडी के युवाओं द्वारा निर्मित मोबाइल से शूट लघु फ़िल्म, बॉर्डर एक बदला का शूट पिछले एक महीने से अगल-अलग स्थान पर किया जा रहा था, जिसमें आर्मी जवानों पर आधारित संघर्ष, आर्मी में जाने के लिए युवाओं का जोश, आर्मी में जाने की तैयारी, आतंकी हमले, आतंकवादियों से जवानों की मुठभेड़ जैसे कई दृश्य फिल्माए और शूट किए गए। पूरी स्टोरी और लेखन का कार्य डायरेक्टर पंकज वर्मा द्वारा किया गया। स्क्रीनिंग प्रोग्राम के दौरान एकता ग्रुप भाटखेड़ी के युवा गांव के ग्रामीण जन ग्राम मीडिया साथी उपस्थित रहे और फ़िल्म को रिलीज कर बड़े पर्दे पर प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। लघु फिल्म रिलीज के दौरान पूर्व रिटायर्ड आर्मी जवानों का एकता ग्रुप के युवाओं द्वारा फूल माला पहनाकर स्वागत सम्मान किया गया। साथ ही देश भक्ति और आधारित फिल्मी गाने बालक व बालिकाओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी। फिल्म को देखने सैंकड़ों युवा उपस्थित रहे।