मनासा। कृषि उपज मंडी मनासा में सोयाबीन के कट्टे चोरी का प्रयास करने वाले दो चोर को व्यापारियों ने रंगे हाथ पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
शुक्रवार को सुबह मनासा कृषि उपज मंडी में पड़ी किसानों की सोयाबीन के ढेर से कट्टे चोरी का प्रयास कर रहे चोर राहुल पिता नानूराम गुर्जर निवासी लसुडी और मोहन पिता जगदीश कुमावत निवासी भालोड को कट्टे चोरी करते हुए व्यापारियों ने देखा तो तत्काल पकड़ लिया और रस्सियों से बांध दिया। वहीं मौके से अन्य साथी फरार हो गया। मौके से एक मोटरसाइकिल भी पकड़ी। पकड़े गए दोनो चोर को पुलिस मनासा थाने ले गयी। वहीं पुलिस तीसरे साथी की तलाश कर रही है।
मिली जानकारी अनुसार तीनो आरोपी मनासा मे रिश्तेदार के यहां रहकर कृषि उपज मंडी मे कई समय से अनाज चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। फिलहाल मामले में पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।