नीमच। राष्ट्रीय शालेय आयु वर्ग 17 वर्ष बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पोर्ट ब्लैयर (अंडमान निकोबार) में 27 दिसंबर 2023 से 5 जनवरी 2024 तक आयोजित हुई। जिसमें शहर के ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल के तीन विद्यार्थी रोहित पिता गजेंद्र अहीर, मो. रिहान पिता रफीक अब्बासी एवं नैतिक पिता गोपाल अग्रवाल ने मप्र फुटबॉल नीमच का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर करते हुए भारत में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल के फुटबॉल कोच मयंक सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल कैंप के बाद तीनों खिलाड़ी मप्र के पूरे दल के साथ पोर्ट ब्लैयर में आयोजित प्रतियोगिता में पहुंचे थे। जहां मप्र फुटबॉल टीम अपने पुल में शीर्ष पर रहते हुए महाराष्ट्र आईपीएससी, अंडमान निकोबार की टीमों को मात देते प्री क्वार्टर में जगह बनाई और गुजरात टीम को 1-0 से परास्त किया। प्रतियोगिता की प्रबल दावेदार झारखंड की टीम को कांटे भरे मुकाबले में हराकर 2 दशकों बाद मप्र फुटबॉल टीम को शीर्ष चार में पहुंचाकर कीर्तिमान रच दिया। सेमीफाइनल में मप्र टीम को केरल से हार का सामना पड़ा एवं विजेता भी केरल टीम ही रही। पूरी प्रतियोगिता में जिस तरह मप्र के लिए तीनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन रहा उससे पूरे नीमच फुटबॉल खेलप्रेमी एवं स्कूल में हर्ष का माहौल है। एक महीने बाद जब तीनों खिलाड़ी नीमच पहुंचे तो परिवार सहित पार्षद नीरज अहीर एवं विद्यालय के कोच मयंक सैनी, डीएफए के सचिव प्रमोद शर्मा ने स्वागत अभिनंदन कर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।