देवास। मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से सयाजी द्वार देवास पर तीन दिवसीय श्री लीला समारोह आयोजित किया जा रहा है। श्रीलीला समारोह के दूसरे दिन सोमवार की संध्या को भक्तिमति शबरी लीला का आयोजन हुआ। इस दौरान महाराज विक्रम सिंह पंवार, नगर निगम सभापति रवि जैन, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, अपर कलेक्टर प्रवीण फूल पगारे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। बड़ी संख्या में देवास के धर्म प्रेमी नागरिकों ने इस “श्री लीला समारोह” का आनंद लिया।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा श्री राम कथा के चरित्रों पर आधारित भक्तिमति शबरी, निषादराज गुह्य और श्रीहनुमान लीलाएं विशेष रूप से परिकल्पित कर तैयार कराई गई है। अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व इन लीलाओं का आयोजन कराया जा रहा है, जिसमें 35 कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रकार से अलग-अलग रूप धारण कर लीलाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है।