देवास। मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से सयाजी द्वार देवास पर तीन दिवसीय श्री लीला समारोह आयोजित किया गया। श्री लीला समारोह के तीसरे और अंतिम दिन मंगलवार की संध्या को श्री आकाश बरवडे (बैतूल) के निर्देशन में निषादराज गुह्य लीला का आयोजन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में देवास के धर्म प्रेमी नागरिकों को इस “श्री लीला समारोह” का आनंद लिया।
लीला नाट्य निषादराज गुह्य में बताया गया कि भगवान राम ने वन यात्रा में निषादराज से भेंट की। श्री लीला नाट्य में श्री राम और वनवासियों के परस्पर सम्बन्ध को उजागर किया। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा श्री राम कथा के चरित्रों पर आधारित श्रीहनुमान, भक्तिमति शबरी और निषादराज गुह्य लीलाएं विशेष रूप से परिकल्पित कर तैयार कराई गई है। अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व इन लीलाओं का आयोजन कराया जा रहा है, जिसमें 35 कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रकार से अलग-अलग रूप धारण कर लीलाओं का प्रदर्शन किया।