सिंगोली। 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले भगवान श्री राम जन्म भूमि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर सिंगोली में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री राम की तस्वीर के सामने समाजसेवी सुनील पालीवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं उपस्थित सभी गायक कलाकारों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया तथा भगवान गणेश जी की स्तुति के साथ भजन संध्या का प्रारंभ किया गया।
रात 9 बजे से शुरू हुई भजन संध्या में कोटा राजस्थान की सुप्रसिद्ध भजन गायिका निहारिका सोनी एवं सहायक भजन गायक सुनील सांवरा, जितेंद्र शर्मा कोटा ने भगवान राम, सांवरिया सेठ और खाटू श्याम के देर रात गाए भजनों से श्रोताओं का मन मोह लिया।
निहारिका सोनी द्वारा प्रसिद्ध भजन राम आयेंगे तो अंगना सजाऊंगी की प्रस्तुति पर युवक युवतियां एवं महिलाएं झूम उठी और अपने अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर भजनों की धुन पर जमकर नाचे।
भजन संध्या के दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई। भजन संध्या में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवक युवतियां और महिला पुरुष शामिल हुए।