चित्तौड़गढ़। जन-जन के आराध्य प्रभु श्री रामचन्द्र जी के पौष शुक्ला द्वादशी को अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ एवं कल्लाजी मंदिर न्यास की ओर से भव्य रामोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी सभी तैयारियां अंतिम चरण में है।
वेदपीठ के प्रवक्ता ने बताया कि आगामी सोमवार को कल्याण नगरी के कल्याण चौक पर सायं 7 बजे से एकादश सहस्त्र दीप ज्योति प्रज्ज्वलन करने के साथ ही सायं सवा 8 बजे से नगर में प्रथम बार कल्याण चौक पर सामूहिक रूप से एकादश सहस्त्र सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं दीपोत्सव का अनुपम आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान भव्य आतिशबाजी की जाएगी। उन्होंने बताया कि ठाकुरजी के मंदिर को सतरंगी विद्युत रोशनी से सुसज्जित करने के साथ ही भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वेदपीठ की ओर समस्त नगरवासियों, कल्याण भक्तों, वीर-वीरांगनाओं, आचार्यों, बटुकों, कृष्णा शक्ति दल की माता बहनों, शक्ति ग्रुप की बालिकाओं सहित समस्त भक्तों से आग्रह किया गया है कि अपने प्रकार के इस भव्य एवं अनूठे रामोत्सव में भागीदार बनकर पांच शताब्दी पश्चात रामलला के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बने। इस अवसर पर प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। वेदपीठ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर अयोध्या राम मंदिर के लिए विशेष रूप से सेवाएं देने वाले कारसेवकों का सम्मान किया जाएगा।