खरगोन। नवग्रह की नगरी में शनिवार को जहां देखों वहां श्रीराम- सीता, लक्ष्मण, श्री हनुमानजी नजर आए। रामायण पात्रों की वेशभूषा में सजे नन्हें बच्चे जब नटखट अंदाज में शोभायात्रा के रुप में शहर की सड़कों पर उतरे तो समूचा शहर इनमें भगवान श्रीराम, माता सीता, श्री हनुमान की झलक देखकर बरबस ही जयकारा लगाते हुए नतमस्तक हुए बिना नही रह सका। अवसर था श्रीराम वंदन यात्रा का। कुंदा तट से शुरु हुई इस ऐतिहासिक यात्रा में एक नही दो नही बल्कि 1 हजार से अधिक बच्चे श्रीराम दरबार की वेशभूषा में सजकर शामिल हुए।
यात्रा को लेकर सनातन धर्म से जुड़े बच्चों के साथ ही उनके पालको में भी बेहद उत्साह देखा गया। सैंकड़ों बच्चों ने रामायण के पात्र के रुप में श्रृंगारित होकर इस यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान लोगों ने भी पलक पावड़े बिछाकर स्वागत- सत्कार किया। कई सामाजिक संगठनों ने रास्तेभर पुष्पवर्षा के साथ जलपान के स्टॉल लगाकर इस ऐतिहासिक यात्रा का स्वागत किया।इस मौके पर गोल्ड बिंल्डीग के सामने मुस्लिम समाज सदभावना टीम ने भी यात्रा का जमकर स्वागत किया।