जावरा। अयोध्या में प्रभु श्री राम जन्मभूमि स्थल पर बने भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष में जावरा समीप गांव सरसी में शनिवार को हनुमंत कथा प्रारंभ हुई। हनुमंत कथा राजा हनुमान परिसर में आयोजित की जा रही है, जिसको लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंच रहे हैं। इस तीन दिवसीय होने वाली हनुमंत कथा में कथा प्रवक्ता श्री सुरेश जी शास्त्री के मुखारविंद से कथा भक्तों को श्रवण करवाई जा रही है।
कथा का वाचन करते हुए व्यास पीठ से बताया कि परमात्मा जब अवतार लेते हैं तो वे भी अपने जीवन में गुरु बनाते हैं, क्योंकि गुरु के बिना शिष्य का बेड़ा पार होना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम और हनुमानजी अपने पुरुषार्थी जीवन हमें बताते हैं कि मनुष्य को हर हाल पुरुषार्थी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में भावना को बढ़ाना चाहिए, क्योंकि मनुष्य के जीवन में भावना जागने से मानवता जागती है और भावना समाप्त होने से मानव दानव बन जाता है इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जन एवं बाहर के श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुंचे।
अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पुन: शुरू होगी सरसी में 5 दिवसीय राम कथा-
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद सरसी में पुन: पांच दिवसीय राम कथा का आयोजन होने जा रहा हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सरसी के राम जानकी असतर मंदिर पर 22 जनवरी से 26 जनवरी तक राम कथा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें राम कथा प्रवक्ता भैरू दास साधु के मुखारविंद से कथा भक्तों को श्रवण करवाई जाएगी कथा का समय दोपहर 12 बजे से 04 बजे तक रहेगा।