सिंगोली। अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर सोमवार को सिंगोली कस्बे में दिन भर उत्साह का माहौल रहा। इस मौके पर जहां राम भक्तों ने मंदिरों में पूजा अर्चना और हवन किए गए। वहीं गौतमालय परिसर बड़े पैमाने पर सार्वजनिक भंडारे का आयोजन भी किया।
सोमवार शाम प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के बीच पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा भी सिंगोली पहुंचे। यहां उन्होंने देव तलाई स्थित बालाजी मंदिर पर आयोजित हवन में भाग लिया तथा गौतमालय भवन पर भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उपस्थित होने पर राम भक्तो ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया।
इस मौके पर विधायक सखलेचा ने सभी को श्रीराम मंदिर लोकार्पण की बधाई देते हुए बताया कि भगवान श्री राम के मंदिर के लोकार्पण से देश भर में बच्चा बच्चा खुश हुआ है।
बता दे कि अयोध्या में रामजन्म भूमि प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व कस्बे में लगभग सभी मंदिरों को सजाया गया तथा कई दिनों से रामधुन और प्रभात फेरियों सहित अन्य कई धार्मिक आयोजन किए जा रहे थे। सोमवार को मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर सभी मंदिरों पर हवन, पूजन और आरती के साथ अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए गए।
इस तरह मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर कस्बे में दिन भर उत्साह का माहौल बना रहा।