नीमच। बांछड़ा समुदाय की महिलाएं आज बड़ी संख्या में लामबंद होकर प्रदेश सरकार से अपनी बेहद महत्वपूर्ण मांगों को पूरी करने के लिए ज्ञापन देने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंची। यहां ज्ञापन देकर महिलाओं ने गुहार लगाई कि हमें भी लाडली बहना योजना का लाभ मध्यप्रदेश सरकार की ओर से दिया जाए। साथ ही हमारे बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था भी की जाए। ज्ञापन देते समय नेवड़, सगरग्राम, हाड़ी पिपलिया और अन्य क्षेत्रों से बांछड़ा समुदाय की महिलाएं मौजूद रही। बताते चलें कि नीमच, मंदसौर और रतलाम जिले में इस समुदाय की आबादी 15 हजार करीब है। कलेक्टर कार्यालय पर सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि हमारे समुदाय का मुख्य व्यवसाय देह व्यापार है। इन महिलाओं की परंपरागत पेशागत मजबूरियों के चलते अधिकांश महिलाओं के लिए पति का नाम दस्तावेजों पर प्रमाणिक तौर पर अधिकृत रूप से दर्ज कराना संभव नहीं होता। जिस कारण इनके बच्चों का जाति प्रमाण पत्र भी नहीं बन पा रहा है और सरकार की अनेक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। वर्तमान में सरकार की प्रमुख योजना लाडली बहना का लाभ भी नहीं मिल रहा है। महिलाओं की मांग है कि सरकार हमारी बाध्यताओं को देखते हुए इस समस्या का व्यावहारिक धरातल पर समाधान करें। ताकि हमारे बच्चे मुख्य धारा से जुड़ सके। देखना होगा नीमच प्रशासन इस मामले में किस तरह की कार्यवाही करता है। ज्ञापन के दौरान एनजीओ नया जीवन ज्ञान प्रचार सेवा समिति के सदस्य भी बांछड़ा समुदाय की महिलाओं के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे।