दूदरसी। गांव धनेरिया कलां से आज 24 जनवरी को प्रातः 07 बजे लगभग 200 श्रद्धालु भक्तजन सांवलिया सेठ के दर्शन करने पैदल निकले। भगवान श्रीकृष्ण मंदिर में प्रभु की पूजा अर्चना कर धनेरिया कलां सरपंच राजेश राठौर ने सभी भक्तों को कुमकुम का तिलक लगाकर यात्रियों के काफिले को रवाना किया। इस दौरान जनपद पंचायत नीमच के पूर्व उपाध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक नागदा, वरिष्ठ पत्रकार हरिश अहीर, आरक्षक प्रकाश अहीर ने भी सभी का स्वागत किया और सकुशल यात्रा की मंगलकामना की।
इस यात्रा में सम्मिलित सभी भक्तों को गांव दूदरसी फंटे पर नवयुवक मंडल ने स्वल्पाहार व चाय पिलाकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया और गांव दूदरसी से करीब 50 नवयुवक भी इस यात्रा में सम्मिलित हो कर सौभाग्य प्राप्त किया। 70 किलोमीटर की इस लंबी यात्रा में 3 ट्रेक्टर दो डीजे भी साथ चल रहे हैं। उत्साह वर्धन करने के लिए और यात्रियों को किसी भी प्रकार की कोई तकलीफ़ नहीं हो इसलिए हमसफ़र बनकर दीपक नागदा, हरिश अहीर, दशरथ अहीर, बंटी अहीर, मांगीलाल अहीर जैसे वरिष्ठ व्यक्ति यात्रा में साथ चल रहे हैं। यात्रियों का गांव दारू में भी भव्य स्वागत किया गया। सभी यात्री सांवलिया सेठ के दर्शन कर रात्रि विश्राम वहीं करेंगे दूसरे दिन पुनः अपने गांव के लिए निकल जाएंगे। सभी यात्रियों को भोजन, चाय, नाश्ता ग्राम पंचायत धनेरिया कलां की धार्मिक संस्था नवयुवक मंडल की ओर से कराया जाएगा।