चीताखेड़ा। समीपस्थ गांव कराड़िया महाराज में श्री राम मंदिर विगत पांच वर्षों से बनकर तैयार था और शुभ मुहूर्त की घड़ी का इंतजार समाजजनों को था। आखिर वह शुभ योग 25 जनवरी गुरुवार को आया। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव वैदिक मंत्रोच्चार पूर्वक के साथ सभी ग्रामवासियों का सपना साकार भी हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत 21 जनवरी को हुई, जो 25 जनवरी तक चली। पांच दिनों तक पंच कुण्डीय यज्ञशाला में यजमानों ने आहूति दी। यज्ञाचार्य पण्डित घनश्याम व्यास चल्दुवाले द्वारा पूरी विधि विधान पूर्वक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ हवन पूजन एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह निर्विघ्न संपन्न करवाया गया।
श्री राम मंदिर समिति अध्यक्ष बद्रीलाल पाटीदार ने बताया कि यज्ञशाला में अलग-अलग तरह के कुंड बनाए थे। यज्ञशाला में पंच कुंड में जोड़ों के माध्यम से यज्ञ देवताओं को आहुतियां दी गई। इससे पूर्व प्रायः हेमांद्री दस विधि स्नान, मंडप प्रवेश, मूर्ति अन्नादी वास, कलश यात्रा, मंडल पूजन, अग्नि प्रवेश, मूर्ति अधिवास, देव पूजन, यज्ञ हवन, मूर्ति अधिवास, महाभिषेक, सैया विद्या वास, पुष्पा विद्वास, मंडप पूजन, अग्नि स्थापन, जल विद्या वास के साथ ही गुरुवार को दोपहर अभिजीत मुहूर्त में गर्भ ग्रह में भगवान श्री राम-जानकी, लक्ष्मण और हनुमान महाराज की प्रतिमा विराजमान के साथ शिखर पर दण्ड ध्वजा एवं कलश चढ़ाया गया। दोपहर बाद यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात यज्ञशाला और मंदिर में आरती का आयोजन किया गया। जिसमें दूर अंचल सहित गांव के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। आरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन देर शाम तक चलता रहा। भगवान श्री राम-जानकी, लक्ष्मण और हनुमान जी प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करने एवं दण्ड ध्वजा चढ़ाने की बोली दौलतराम औंकार लाल पाटीदार ने लगाकर धर्म लाभ लिया। सामाजिक कार्यकर्ता बद्रीलाल-नंदलाल पाटीदार दोनों भाइयों ने शिखर पर कलश अपने करकमलों से चढ़ाने की बोली लगाकर लाभ लिया। इसी के साथ सत्यनारायण-बगदीराम पाटीदार ने मुख्य आरती करने तथा रमेश-लक्ष्मीनारायण ने भगवान श्री राम जानकी को 56 भोग लगाने की बोली लगाकर लाभ लिया। श्री राम जानकी मंदिर में प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर ग्रामवासियों में एक अलग ही आनंद उत्साह देखने को मिला। पूरा गांव जय जय श्री राम जयकारों से गूंज उठा गांव पूरा अंचल राममय हो गया। जयकारों से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि कराड़िया महाराज गांव में अयोध्या धाम उतर आया है। पूरे गांव की हर गली-मोहल्ले के हर मार्ग पर भगवा झंडे, लगायें गये।
ग्रामीणों ने कहा कि यह हम सबके लिए खुशी और परम सौभाग्य का समय है कि वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह शुभ समय आया है। नवीन पाटीदार ने कहा कि भगवान श्री राम मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम सिर्फ पाटीदार समाज के लिए ही नहीं वरन पूरे गांव पूरी मानवता के लिए आदर्श है। कराडिया महाराज में प्रभु का भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण और आज पवित्र क्षण में रामलला की गर्भग्रह में प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही हम सब की मनोकामना पूर्ण हो गई है।