शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमरौआ गांव के पास एक डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया। इस घटना में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन गुस्साईं भीड़ ने पुलिस से अभद्रता करते हुए डंपर में आग लगा दी।
जानकारी के मुताबिक गुना जिले के सिरसी थाना क्षेत्र के साड़खेड़ा गांव का रहने वाला दिनेश धाकड़ बाइक पर सवार होकर अपने गांव से बदरवास की ओर आ रहा था। इसी दौरान निहाल देवी मार्ग कुमरौआ गांव के पास एक तेज रफ्तार रेत से भरे डंपर ने बाइक उसे रौंद दिया, जिससे दिनेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया था।