पिपलियामंडी। जिस प्रकार महर्षि दाधीच ने अपनी अस्थियों का दान करके मानवता की रक्षा की ठीक उसी प्रकार स्वर्गीय गीताबाई धनोतिया के परिजनों ने उनके नेत्रदान करके दो व्यक्तियों के जीवन को प्रकाशमान करने की अनुकरणीय पहल की है। ऐसा करके उन्होंने न सिर्फ धनोतिया परिवार को बल्कि संपूर्ण पोरवाल समाज को भी गौरवान्वित किया है। ऐसा लायंस क्लब शक्ति की अध्यक्ष लायन मनीषा दिलीप गोयल ने स्वर्गीय गीताबाई धनोतिया के नेत्रदान के प्रसंग पर कहा। गीताबाई धनोतिया का 28 जनवरी को स्वर्गवास हो गया था।
सांसद प्रतिनिधि दिलीप गोयल लायंस क्लब शक्ति एवं अरिहंत जैन के निवेदन पर परिजन पुत्र जगदीशचंद्र, ओमप्रकाश, श्यामलाल, सत्यनारायण एवं पौत्र डॉ वैभव पुष्कर, अभिषेक, अक्षय, अक्षित ने नेत्रदान की स्वीकृति प्रदान की। इसके पश्चात लायंस क्लब मंदसौर के अध्यक्ष, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मजहर हुसैन, सचिव प्रेमदेव पाटीदार, डॉ किशोर शर्मा एवं उनकी टीम ने नेत्र उत्सारित किये। उत्सारित नेत्रों को तत्काल गोमाबाई नेत्रालय नीमच भेजने का प्रबंध भी किया गया ताकि शीघ्र ही उनके माध्यम से दो व्यक्तियों का जीवन प्रकाशमान हो सके। उन्होंने लायंस क्लब शक्ति पिपलिया मंडी को अंधत्व निवारण क्षेत्र में योगदान देने के लिए साधुवाद दिया। लायंस क्लब शक्ति पिपलिया मंडी की संस्थापक अध्यक्ष नीलिमा अग्रवाल ने इस प्रसंग पर कहा कि कुछ लोग ऐसा काम कर जाते हैं कि मरकर भी अमर हो जाते हैं। स्वर्गीय गीताबाई धनोतिया भी उनमें से एक है। नेत्रदान के माध्यम से उनका नाम भी अमर हो गया। लायंस क्लब शक्ति की सचिन लायन सोनू फरक्या ने कहा कि स्वर्गीय गीताबाई धनोतिया बहुत ही धार्मिक महिला थी एवं सामाजिक कार्यों में हमेशा अग्रणी रहती थी। लायंस क्लब शक्ति पिपलिया मंडी उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना करता है। क्लब सदस्य लायन ममता शर्मा ने स्वर्गीय गीताबाई धनोतिया को हार्दिक श्रद्धांजलि देते हुए सभी परिजनों का नेत्रदान की स्वीकृति प्रदान करने के लिए आभार माना। स्वर्गीय गीताबाई धनोतिया को श्रद्धांजलि देने के लिए डॉ अरुण मुंदडा, संजय धनोतिया, दिनेश पोरवाल, मनोज पाटीदार, प्रवीण फरक्या आदि उपस्थित थे।